भाजपा जिला उपाध्यक्ष बोहरा को सोलर डीलरशिप देने का झांसा देकर 4.17 लाख ठगे
![भाजपा जिला उपाध्यक्ष बोहरा को सोलर डीलरशिप देने का झांसा देकर 4.17 लाख ठगे](/imz/nPouACv7EgGzCj3qKcBBBgQFl1osCsXR2LaJXTJhzeZbQZN0U25744nPouACv7EgGzCj3qKcBBBgQFl1osCsXR2LaJXTJhzeZbQZN0U-25021575924.jpg)
बांसवाड़ा| नामी सोलर कंपनी की डीलरशिप देने का झांसा देकर साइबर ठगों ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष महावीर बोहरा से 4 लाख 17 हजार 854 रुपयों की धोखाधड़ी की। इसे लेकर बाहुबली कॉलोनी निवासी बोहरा ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसमें बताया कि सोलर व्यवसाय के लिए उन्होंने समाचार पत्रों में विज्ञापन पढ़ा। इसके आधार पर बांसवाड़ा में टाटा सोलर की डीलरशिप के लिए टोल फ्री नंबर पर दिया था। इस पर कॉल किया। 6 दिन बाद प्रार्थी को एक कॉल आया।
कॉलर ने खुद का नाम सचिन कुमार बताते हुए कहा कि वह रजिस्ट्रेशन करवा ले, डीलरशिप मिल जाएगी। व्हाट्सएप पर भी एप्लाय करने का मैसेज आया। इस पर प्रार्थी ने अपना नाम और मेल आईडी मैसेज कर दी। इसके बाद प्रार्थी की मेल आईडी पर आवेदन पत्र प्राप्त हुआ। जिसे भरकर 12 नवंबर को भेज दिया। इसके बाद सोलर एप्रुवल लेटर आया। इसमें 17,700 रजिस्ट्रेशन फीस और बैंक डिटेल दी गई थी। प्रार्थी ने आरटीजीएस के जरिये राशि बैंक खाते में जमा करवा दी। इसके बाद एक और सर्टिफिकेट आया। जिसमें सोलर लगाने की पूरी प्रक्रिया का विवरण था। 15 नवंबर को मेल के जरिये एग्रीमेंट पत्र प्रार्थी को भेजा गया। इसमें 2 लाख रुपए जमानत के तौर पर भेजने के लिए कहा गया। प्रार्थी ने भरोसा करते हुए 2 लाख रुपए जमा करवा दिए। इसके बाद प्रार्थी से नजदीकी रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट की जानकारी मांगी। बाद में कॉलर ने बताया कि उनके सेल्स मैनेजर गोपाल खोड़िया टीम के साथ 27 नवंबर को लोकेशन देखने के लिए आएंगे।
फिर कॉल आया कि प्रॉडक्ट रवाना कर दिया है, इसलिए लाजिस्टिक के 2,46,800 रुपए जमा कराने के लिए कहा। प्रार्थी ने अलग-अलग चेक के जरिए 2 लाख रुपए बैंक में जमा करवा दिए। प्रार्थी को इसलिए भी भनक नहीं लगी क्योंकि राशि जमा करवाने के बाद उन्हें कंपनी के नाम से राशि जमा होने की पर्ची भी भेजी जा रही थी। पूरी प्रक्रिया पर सचिन कुमार ने प्रार्थी को बताया कि 29 नवंबर तक प्रॉडक्ट पहुंच जाएगा। तय दिन प्रॉडक्ट नहीं पहुंचने पर प्रार्थी ने सेल्समेन को कॉल किया। सचिन ने उन्हें बताया कि कंपनी में एक महिला स्टाफ की मौत हो गई है। इसलिए प्रॉडक्ट आने में 8 से 10 दिन देरी होगी। लेकिन तय दिन बाद भी प्रॉडक्ट नहीं आया तो प्रार्थी ने सेल्समैन को कॉल करके जमा कराए रुपए वापस लौटाने के लिए कहा।
सेल्समेन ने 8 से 10 दिन में राशि रिफंड करने का भरोसा दिया। लेकिन जब राशि रिफंड नहीं हुई तो प्रार्थी ने सेल्समेन को कॉल किया लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। प्रार्थी महावीर बोहरा को खुद के साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास होने पर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।