होली के जश्न में डूबी पुलिस: डीजे की धुन पर किया डांस, पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे पर डाला गुलाल

होली पर्व पर कानून व्यवस्था में व्यस्त पुलिसकर्मियों ने आज बुधवार को होली का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया। बांसवाड़ा शहर के पुलिस लाइन में शहर पुलिस कर्मियों ने जमकर होली खेली। इस दौरान बांसवाड़ा पुलिस अधिकारी सूर्यवीर सिंह बागीदौरा डिप्टी रामगोपाल सहित सभी पदाधिकारी एवं सभी थानों के एसएचओ व अन्य पुलिस के जवानों ने होली खेली। होली के गानों पर पुलिसकर्मियों ने उच्च अधिकारियों के साथ जमकर लटके झटके लगाए और डांस किया। पुलिस अधिकारी सूर्यवीर सिंह ने बताया कि धुलंडी पर बांसवाड़ा शहर पुलिस का जाब्ता पूरे दिन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहा, इसलिए आज पुलिस कर्मियों की होली है। यही एक दिन का अवसर मिलता है। इसमें पुलिसकर्मी सभी रिजर्व पुलिस लाइन में एकत्रित होकर आपस में उल्लास उमंग के साथ गुलाल रंग डालकर होली खेलते हैं। डीजे की धुन पर फागोत्सव के गीतों के साथ नाच गान करते हैं। इस होली कार्यक्रम में शहर सहित अन्य थाना अधिकारियों पुलिसकर्मियों ने भी भाग लिया।