बांसवाड़ा, गढ़ी-परतापुर और कुशलगढ़ में नहीं बदले अफसर:डीएलबी ने किए थे तबादले, 10 दिन बाद भी किसी ने नहीं किया ज्वॉइन

राज्य सरकार ने स्थानीय निकाय विभाग के कामकाज को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए भले ही अधिकारियों को इधर-उधर किया हो, लेकिन 10 दिन बाद भी किसी अधिकारी ने अपनी जगह ज्वॉइन नहीं किया है। गत 13 अक्टूबर को स्थानीय निकाय विभाग ने एक बड़ी तबादला सूची जारी कर 155 अधिकारियों को बदल दिया था।
सूची में बांसवाड़ा नगर परिषद आयुक्त पद पर कार्यरत मोहम्मद सुहैल शेख को कुशलगढ़ नगरपालिका भेज दिया था, वहीं राजसमंद नगर परिषद से आयुक्त बृजेश रॉय को यहां स्थानांतरित किया था।विभागीय सूत्रों के अनुसार बृजेश रॉय बांसवाड़ा आने के इच्छुक कम हैं। यह भी चर्चा है कि वह स्थानांतरण निरस्त करवाना चाहते हैं। इधर, बांसवाड़ा आयुक्त मोहम्मद सुहैल शेख भी यहां से रिलीव नहीं हुए, जबकि उन्हें कुशलगढ़ में पदभार ग्रहण करना था। यही हाल राजस्व अधिकारी पद का भी है।
बांसवाड़ा नगर परिषद में कृष्णगोपाल माली का तबादला हुआ था, जिन्होंने अब तक उपिस्थति नहीं दी है। गढ़ी-परतापुर नगरपालिका में वर्तमान में विजय दांतला कार्यवाहक ईओ के तौर पर कार्यरत हैं। पूर्व में यहां पर रेखा जैसवानी को ईओ पद पर लगाया था, लेकिन उन्होंने ज्वॉइन नहीं किया। तबादला सूची में नगर परिषद, डीग से राजस्व अधिकारी मनोज कुमार मीणा को यहां ईओ के पद पर स्थानांतरित किया, मगर वह भी अब तक नहीं आए हैं। गौरतलब है कि विभागीय आदेश में इन सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से रिलीव कर दिया गया था और नवीन पद पर कार्यभार ग्रहण कर पालना रिपोर्ट विभाग को भिजवानी थी।