बारिश के दौरान सोये हुए परिवार पर गिरी दीवार :दादी के हाथ-पैर टूटे, मासूम पोते की हुई मौत; सुबह 5 बजे हादसा

बांसवाड़ा में लोहारिया थाना क्षेत्र के सुंदनी गांव में सोमवार सुबह 5 बजे तेज बारिश में एक मकान की दीवार गिर गई। इस दौरान एक परिवार के सदस्य सोए हुए थे। दीवार सीधे 55 साल की कंकू पत्नी हकरू और उसका 4 साल का पोता अश्विन पुत्र सुरेश पर गिरी। जिससे दो दोनों को गंभीर रूप से चोट आई।
परिजन गंभीर अवस्था में घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने अश्विन को मृत घोषित कर दिया। वहीं कंकू का इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव का पोस्ट मार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।

जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 5 बजे की है। जब घर से चिल्लाने की आवाज आई तो पड़ोसी मौके पर पहुंचे। तुरंत ही घायलों को इलाज के लिए बांसवाड़ा ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में एक नदी के पूल पर पानी आने से मार्ग बंद रहा।
इस पर दूसरे मार्ग से बांसवाड़ा ले जाया गया। लेकिन तब तक अश्विन की मौत हो चुकी थी। पड़ोसियों ने बताया कि अश्विन के 3 बड़ी बहने और दादा दादी ही थे। उसके माता पिता गुजरात में कार्य करते हैं। हादसे के बाद उन्हें भी सूचना देकर बुला लिया गया है। इसके बाद अंतिम क्रिया होगी।
