शादी का झांसा देकर 1.80 लाख की धोखाधड़ी करने वाली लुटेरी दुल्हन और दो एजेंट गिरफ्तार

बांसवाड़ा| शादी का झांसा देकर षडयंत्रपूर्वक 1.80 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने की आरोपी दुल्हन दिल्ली और दो एजेंटों को लोहारिया पुलिस ने भरतपुर और दिल्ली से गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस ने आरोपी दुल्हन दिल्ली के सुल्लतानपुरी थाना क्षेत्र की कृष्णा उर्फ खुश्बु उर्फ बीना चौधरी, कथित एजेंट दिल्ली निवासी रामअचल उर्फ बबलू जाटव और भरतपुर के कुलीपाड़ा क्षेत्र निवासी जयपालसिंह जाट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
तीनों के खिलाफ 20 अगस्त को सुंदनी निवासी सहर्ष जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि एजेंट जयपालसिंह ने दिल्ली में खुशबू से शादी कराने के लिए संपर्क कराया। इसकी एवज में 1.80 लाख रुपए लेना तय हुआ। दिल्ली में शादी कराने पर 80 हजार रुपए ऑनलाइन पेमेंट किया। जबकि 1 लाख रुपए दुल्हन के साथ घर लौटने पर कथित एजेंट जयपालसिंह और बबलू को दिए। लेकिन उसी रात्री दुल्हन कृष्णा प्रार्थी को झांसा देकर फरार हो गई।