Home News Business

ट्रांसपोर्टर्स ने 3 साल लड़ाई लड़कर तीन टोल बंद करवाए, कंपनी से 30 करोड़ फिर वसूलेंगे

Banswara
ट्रांसपोर्टर्स ने 3 साल लड़ाई लड़कर तीन टोल बंद करवाए, कंपनी से 30 करोड़ फिर वसूलेंगे
@HelloBanswara - Banswara -

बांसवाड़ा| बांसवाड़ा से उदयपुर के बीच सलूंबर तक लगातार तीन टोल लगाकर लोगों से रोज लाखों रुपए लिए जाए थे। जबकि टोल संचालन का समय पूरा हो चुका था। इसके बावजूद टोल संचालक ने कोरोना के समय 20 करोड़ रुपए का घटा बताकर वाणिज्य कोर्ट में प्रकरण दर्ज कर दिया। तीन साल गुजरने के बाद भी टोल चल रहे थे, क्योंकि कोर्ट से तारीख पर तारीख ही मिलती रही।

नुकसान 20 करोड़ का था, लेकिन 30 करोड़ से ज्यादा की वसूली हो चुकी थी। इधर, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन तीन साल तक प्रशासन, पीडब्ल्यूडी और कोर्ट तक लड़ाई लड़ी और टोल बंद करा दिए। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजपाल सिंह सिसोदिया ने बताया कि उनकी इस लड़ाई में ट्रक, बस, ट्रांसपोर्ट, टैक्सी और कार यूनियन ने भी सहयोग किया। खास बात यह थी कि बांसवाड़ा से सलूंबर के बीच 87 किलोमीटर की दूरी में 3 टोल बूथ थे। जो नियम विरूद्ध है। इसी वजह से यूनियन ने हजारों बार पत्र लिखकर शिकायत की। कलेक्टर से मिले, संभागीय आयुक्त से टोल बंद कराने के लिए आग्रह किया। कोर्ट तक चले गए। तत्कालीन संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के पवन की पहल पर एक दिन के लिए टोल बंद हुआ। इसके बाद फिर से वसूली शुरू हो गई, लेकिन यूनियन ने हार नहीं मानी और टोल को बंद कराया। कई जगह से दबाव भी आए, लेकिन जनहित का मामला था, इसलिए सभी मिलकर लड़े।

अब पीडब्ल्यूडी टोल कंपनी से 30 करोड़ रुपए वापस वसूलने की तैयारी कर रही है। बांसवाड़ा से डूंगरपुर मुख्य मार्ग पर कूपड़ा से आगे टोल लगाने की शुरुआत की जा रही है। जबकि वह सड़क काफी खराब है। इस पर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने कहा कि जब तक सड़क पूरी तरह से ठीक नहीं की जाती है, टोल नहीं शुरू करने की मांग की है। इसके बावजूद टोल शुरू किया तो एसोसिएशन फिर सड़क पर लड़ने को तैयार है।

शेयर करे

More news

Search
×