बांसवाड़ा में तेज धूप से मिली राहत, उमस से बेहाल:देर रात से बदला मौसम, तापमान में भी आई गिरावट; जल्द होगी प्री-मानसून बारिश

बांसवाड़ा जिले में जहां पिछले 7 दिनों से लोग गर्मी और तेज धूप से परेशान थे, वहीं सोमवार देर रात से गर्मी से लोगों को राहत मिली। रात को अचानक मौसम में बदलाव आया और बादल छाने लगे। रात को आसमान में बिजली तो कड़की लेकिन बारिश नहीं हुई।
हालांकि ठंडी हवा से सुकून जरूर मिला। यहां मंगलवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। तेज धूप से छुटकारा तो मिला लेकिन उमस से लोग पसीने से तरबतर होते दिखे। रही सही कसर बिजली विभाग की अघोषित बिजली कटौती पूरी कर रही है।
मंगलवार सुबह 8 बजे तापमान तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं हवा में नमी का स्तर 30 आंका गया। आज दोपहर 12 बजे तक तापमान 36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना मौसम विभाग जता रहा है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ हरगिलास ने बताया- केरल में इस बार मानसून ने जल्दी दस्तक दे दी है। वहीं राजस्थान में नमी देखने को मिल रही है। जिले में मानसून 14 जून तक प्रवेश कर सकता है। राजस्थान में प्रवेश बांसवाड़ा के रास्ते होगा। इससे पहले अगले 3 से 4 दिन में प्री मानसून बारिश हो सकती है।
उसके बाद कुछ दिन गर्मी और फिर मानसून की दस्तक होगी। इस बार जिले में नौतपा ज्यादा प्रभावी होता नहीं दिख रहा।
