दीवाली की रात 16 साल के लड़के का मर्डर :पिता को ग्राउंड में तड़पता मिला, शरीर पर थे चाकू के निशान

दीवाली की रात 16 साल के किशोर की हत्या कर दी गई। लड़का अपने दोस्तों के साथ पटाखे फोड़ने गया था। देर रात तक वापस घर नहीं लौटने पर पिता तलाश करने गए थे घायल हालत में मिला। शरीर पर चाकू से वार के निशान थे। हॉस्पिटल लेकर गए लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।
मामला बांसवाड़ा शहर के खांदू कॉलोनी का है। जानकारी अनुसार खांदू कॉलोनी में रहने वाले मोइनुद्दीन ने बताया कि उनका 16 साल का बेटा अरान दीवाली की रात करीब 8 बजे पटाखे चलाने गया था। रात 9 बजे तक वापस नहीं लौटा तो पत्नी से पूछा। खाना खाकर उसके दोस्त से पूछने गया। उसने बताया कि वह ग्राउंड में किसी के साथ बाइक पर बैठकर गया है। पिता ने बताया कि खांदू कॉलोनी ग्राउंड पहुंचा तो अरान जमीन पर पड़ा तड़पता मिला। उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर थे चाकू के निशान
पिता ने बताया कि बेटे के शरीर पर 15 से 20 चाकू के गहरे वार थे। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दी। डीएसपी सूर्यवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा।
