खरीफ में कम लागत से बेहतर उत्पादन कैसे लें, 29 से गांव-गांव जाकर बताएंगे कृषि वैज्ञानिक

बांसवाड़ा| किसानों को खरीफ फसलों में बेहतर उत्पादन और कम लागत में खेती के लिए जरूरी जानकारी अब उनके गांव में ही मिलेगी। इसके लिए केंद्र सरकार के निर्देश पर 29 मई से विकसित कृषि संकल्प अभियान शुरू होगा। यह अभियान 12 जून तक चलेगा। अभियान के तहत हर दिन तीन गांवों में कृषि वैज्ञानिकों की टीम पहुंचेगी। वहां किसान सीधे वैज्ञानिकों से संवाद कर सकेंगे।
वैज्ञानिक खेती से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करेंगे और समाधान बताएंगे। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बीएस भाटी ने बताया कि किसानों को उनके क्षेत्र की उपज के अनुसार जानकारी दी जाएगी। वैज्ञानिक किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, फसल की नई किस्में, उन्नत पशुपालन, समन्वित कृषि प्रणाली, कृषि यंत्रों का उपयोग, उन्नत बागवानी, पौधों में रोग और उपचार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड की सिफारिशों के अनुसार उर्वरकों के संतुलित उपयोग और ड्रोन तकनीक के बारे में जानकारी देंगे। इस अभियान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अनुसंधान संस्थान, कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि विभाग, कृषक उत्पादक संगठन, इफको, राजीविका और कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक और अधिकारी शामिल होंगे।
