Home News Business

नहरों की मरम्मत में भ्रष्टाचार का आरोप, भाजपा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Banswara
नहरों की मरम्मत में भ्रष्टाचार का आरोप, भाजपा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
@HelloBanswara - Banswara -

भारतीय जनता पार्टी की ग्रामीण मंडल बांसवाड़ा, नवागांव मंडल व नगर मंडल की ओर से जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें माही की नहरों की मरम्मत में भारी भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। भाजपा नेताओं ने बताया कि जिले में माही की नहरों की मरम्मत के करीब 543 करोड़ रुपए के कार्य में भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। रबी मक्का फसल को जब पानी की जरूरत थी तो पानी न देकर नहरों की मरम्मत करने का बहाना बना दिया।

मक्का के लिए एक सप्ताह पानी नहीं देने के कारण फसलों को नुकसान हुआ। भाजपा ने आरोप लगाया कि मरम्मत के नाम पर केवल नहरों में प्लास्टर किया जा रहा है। साथ ही राहत कैंपों में मक्का के बीज किट दिए जा रहे हैं, उन पर कांग्रेस के मंत्रियों व नेताओं ने गरीब किसानों को किट देते हुए फोटो खिंचवाए, लेकिन जब किसानों ने बुवाई की तो बीज ही खराब निकला।

भाजपा ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देकर मामले की जांच कराने की मांग की। इस दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हकरू मईड़ा, प्रदेश संगठन मंत्री कृष्णा कटारा, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोहर पटेल, प्रधान बलवीर रावत, पूर्व प्रधान राजेश कटारा, जिला उपाध्यक्ष मणिलाल गुर्जर, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोहर व्यास, नगर मंडल अध्यक्ष निलेश जैन, बूथ अध्यक्ष राकेश निनामा, नगर पार्षद युगल उपाध्याय, अभिजित जैन सहित कार्यकर्ता शामिल रहे।

शेयर करे

More news

Search
×