मां-बाप अपने बच्चों को समझ नहीं पाते है और उससे वे अपने बच्चों के रोने की वजह बन जाते हैं
बांसवाड़ा जिले के एक गांव की 19 साल की युवती 4 दिन से लापता है। जिस पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। मामले में जांच कर रहे थानाधिकारी ने बताया कि युवती रोज जिस बस से कॉलेज जाती थी, उस दिन वो उसमें नहीं जाकर दूसरे वाहन में गई थी। उसने घाटोल के आसपास किसी एटीएम से करीब 23 हजार रुपए भी निकाले हैं।
युवती की तलाशी के लिए फोटो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें बताया गया कि युवती 25 जनवरी को कॉलेज के लिए जाने को निकली, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। सूचना देने पर 10 हजार रुपए इनाम देने का मैसेज भी वायरल हुआ। इसके साथ ही एक स्टांप पर नोटरी किया हुआ पत्र है, जिसमें युवती ने घर छोड़ने के पीछे अपने तर्क दिए हैं। इस पत्र पर सकारात्मक और नकारात्मक दोनों ही तरह की प्रतिक्रियाएं मिल रही है। युवती ने पत्र में यह लिखा हुवा है...
मम्मी-पापा मैं घर छोड़कर जा रही हूं। मुझे अभी शादी नहीं करनी है। पापा आपने सब अपने हिसाब से किया, मुझसे कुछ भी पूछना जरूरी नहीं समझा। शादी करके मेरे को रहना है अापको नहीं। मुझे अभी पढ़ाई करनी है। आपने सब कुछ अपने हिसाब से किया, पर मुझसे तो पूछते कि मुझे करनी है कि नहीं। मैं जा रही हूं। मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना। आपको अंबे माता की कसम, मैंने कभी कोई गलत काम नहीं किया। एक छोटी सी गलतफहमी की वजह से मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी आपने। मुझसे तो पूछते, मुझे क्या चाहिए। छोटी बहन का नाम लिख कर बोला कि उस को आप पढ़ाना, उसकी शादी उसे करनी हो, तब ही कराना। जहां पढ़ना चाहती है वहां पढ़ाना। मेरी जिंदगी के साथ जो किया वो मत करना, वरना उसे भी अपने घरवालों से नफरत हो जाएगी। कोई भी लड़की कभी ये नहीं सोचती की वो जाएगी घर से, पर मां बाप भी कभी कभी अपने बच्चों के रोने की वजह बन जाते हैं। वो भी हमेशा सही नहीं होते। मुझे मत ढूंढना मैं अपनी जिंदगी अपने हिसाब से जीना चाहती हूं। आपकी एक ही लड़की है यूं समझना। पापा पैसा ही सबकुछ नहीं होता, मुझे लगता था मेरे पापा सबसे अच्छे है, मुझे पढ़ाएंगे, पर आपने भी वहीं किया, बस शादी करा दो, झंझट खत्म। बस अब एक अहसान करना मुझे मत ढूंढना, मुझे अपने हाल पे छोड़ देना, आपकी इज्जत गई समझ के सामने समाजवालों को बोल देना मेरी बेटी मर गई ताकि आपकी इज्जत बनी रहेगी। आपको माता की कसम मुझे ढूंढना मत छोटी बहन का नाम लिख कर बोला कि उसके साथ ऐसा कभी मत करना। उसे पढ़ने देना और जॉब लगने देना। बड़ी बेटी को पढ़ाया तो वह घर से चली गई ये सोचकर उसकी पढ़ाई मत छुड़वाना। वो बहुत इंटेलिजेंट है, उसे पढ़ाना। मम्मी आपने पापा के डर से कभी कुछ नहीं किया हमारे लिए अगर आपने मेरी बात सुनी होती तो आज मुझे ये कदम नहीं उठाना पड़ता। अभी आपकी एक लड़की और है उसके साथ कुछ मत होने देना। मुझे जितनी भी गालियां देनी है दे देना बस अब मुझे अपने हाल पे छोड़ देना। - पायल