Home News Business

खग्रास चंद्रग्रहण आज, जिले में दिखाई नहीं देगा

Banswara
खग्रास चंद्रग्रहण आज, जिले में दिखाई नहीं देगा
@HelloBanswara - Banswara -

इस साल का पहला चंद्रग्रहण बुधवार काे है। प्रदेश में इसका असर नहीं होने के कारण सूतक नहीं लगेगा। यह खग्रास चंद्रग्रहण भारतीय समय के अनुसार बुधवार दोपहर 3 बजकर 15 मिनट से शुरू होगा, इसका मध्य शाम 04 बजकर 49 मिनट पर होगा।

ग्रहण समाप्ति शाम 06 बजकर 23 मिनट पर होगी। इस खग्रास चंद्रग्रहण का सूतक 26 मई बुधवार 06 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगा। ज्योतिषविद् डॉ. भवानी खंडेलवाल ने बताया कि यह खग्रास चंद्रग्रहण शाम को चंद्रोदय के समय नागालैंड, मिज़ोरम, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल, त्रिपुरा, पूर्वी उड़ीसा, मणिपुर और मेघालय में ग्रस्तोदय रूप में भारत के इन कुछ राज्यों में कुछ समय के लिए दिखाई देगा। भारत के अन्य शेष भागों में दिखाई नहीं देगा। भारत के पूर्वीय राज्यों में जहां खग्रास चंद्रग्रहण दिखाई देगा, वहां पर ही जप तप, पूजा पाठ, दान पुण्य आदि का विचार होगा। राजस्थान में भी इस खग्रास चंद्रग्रहण का ग्रहण संबंधित बातों जैसे गर्भवती महिलाओं को स्नान, दान, जप, तप, माहात्म्य का सूतक आदि का विचार नहीं होगा, इस दौरान मंदिरों के कपाट भी बंद नहीं होंगे।


सर्वार्थ और अमृत सिद्धि योग में आज मनेगी बुद्ध पूर्णिमा, दान-पुण्य का विशेष महत्व
बुधवार को बुद्ध पूर्णिमा है। इसे स्नान-दान की पूर्णिमा भी कहते है। सनातन धर्मावलंबी दान-पुण्य और भगवान विष्णु की पूजा करेंगे, वहीं बौद्ध विहारों में तथागत भगवान बुद्ध की वंदना की जाएगी। खास बात यह है कि यह पूर्णिमा सर्वार्थ व अमृत सिद्धि योग में मनेगी। इस दिन की गई पूजा और खरीद-फरोख्त शुभ और समृद्धिदायी रहेगी। पंडितों के अनुसार बुद्ध पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों और पवित्र सरोवरों में स्नान के बाद दान-पुण्य करना पुण्यकारी होता है। भगवान बुद्ध का जन्म इसी दिन हुआ था। उन्हें हरि विष्णु का अंशावतार भी माना जाता है। बुद्ध पूर्णिमा पर कोलार बुद्ध भूमि बुद्ध विहार में सुबह 9 बजे बुद्ध वंदना व परित्राण पाठ होगा। शाम को दीप जलाकर विश्व शांति व महामारी के खात्मे के लिए प्रार्थना की जाएगी।

शेयर करे

More news

Search
×