बांसवाड़ा में 15 मिनट जाम में फंसे रहे डिप्टी-सीएम बैरवा:सड़क निर्माण के चलते सरकते हुए निकला काफिला; परिवार संग त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन किए

उप मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री का पद संभाल रहे प्रेमचंद बैरवा का काफिला जाम में फंस गया। इसके चलते 10 से 15 मिनट तक उन्हें जाम में रुकना पड़ा। आगे एस्कॉर्ट कर रही पुलिस ने बड़ी मशक्कत कर उप मुख्यमंत्री के लिए रास्ता बनाया।
त्रिपुरा सुंदरी जा रहे थे
दरअसल उप मुख्यमंत्री बैरवा गुरुवार को परिवार के साथ त्रिपुरा सुंदरी मंदिर दर्शन के लिए आ रहे थे। तभी तलवाड़ा से त्रिपुरा सुंदरी मंदिर जाने वाले रास्ते में एक से डेढ़ किमी लंबा जाम लग गया। इस मार्ग पर इन दिनों सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इसके लिए यहां सिर्फ एक लाइन ही खुली है जिस पर आमने सामने दोनों तरफ के वाहन का आवागमन हो रहा है।
त्रिपुरा सुंदरी क्षेत्र माइनिंग एरिया है। ऐसे में जाम में कई बड़े भारी वाहन भी जाम में फंसे रहे साथ ही कई दर्शनार्थी भी जाम के कारण परेशान रहे हैं।
देखिए तस्वीरें...


आश्रम में 3 घंटे रुके
त्रिपुरा सुंदरी मंदिर पहुंचने पर पंडित निकुंज मोहन पंड्या ने विधि विधान से पूजा कराई। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट की और से स्वागत किया गया और उच्च शिक्षा मंत्री होने के नाते गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो केएस ठाकुर सहित स्टाफ ने भी स्वागत किया।
इससे पहले बैरवा शुरू में भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, विधायक कैलाश मीणा और पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद डिप्टी सीएम उदयपुर रोड स्थित उत्तम ध्यान आश्रम में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल हुए। जहां हवन में आहुतियां दी और गुरुदेव उत्तम स्वामीजी का आशीर्वाद लिया। यहां उन्होंने 3 घंटे से अधिक का समय बिताया।
मंदिर में दर्शन के बाद डिप्टी सीएम बांसवाड़ा सर्किट हाउस गए और वहां कुछ देर विश्राम कर माही बजाज सागर बांध को देखने पहुंचे। जहां सीधे सांवरिया सेठ के लिए रवाना हुए।
डिप्टी सीएम के दौरे के दौरान लोगों ने कई ज्ञापन दिए। उमराई गांव के लोगों ने भारी वाहनों से छुटकारा देने, मंदिर से भूरी तलाई स्कूल तक सीसी सड़क, विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक पदों पर भर्ती, कॉलेजों में रिक्त पदों को भरने और tsp क्षेत्र में गुजरात से खरीदे गए वाहनों पर टैक्स में छूट देने तक की मांग रखी।