Home News Business

भाजपा के पार्षदों का कांग्रेस पर हमला :एसीबी में ट्रेप हो चुके पार्षद के मनोनयन पर एतराज उठाया

Banswara
भाजपा के पार्षदों का कांग्रेस पर हमला :एसीबी में ट्रेप हो चुके पार्षद के मनोनयन पर एतराज उठाया
@HelloBanswara - Banswara -

अंबामाता मार्केट की 23 दुकान सीज करने का विरोध किया, मेडिकल कॉलेज के लिए रातीतलाई मैदान खराब नहीं करने का उठाया मुद्दा

वर्ष 2023 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले सक्रिय हुई भाजपा ने राजनीति तेज कर दी है। सत्ता पर काबिज कांग्रेस सरकार के खिलाफ बुधवार को बांसवाड़ा शहर के पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया। पार्षदों ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए तो नगर परिषद की ओर से 23 दुकानदारों को सड़क पर खड़ा करने वाले तुगलकी कार्रवाई को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया।

मेडिकल कॉलेज के लिए खेल मैदान को खत्म करने वाली प्रशासनिक सोच की घेराबंदी का मौका नहीं खोया। भाजपा की ओर से पहले ही दौर में व्यक्तिगत छींटाकशी वाले हमले को लेकर राजनीति के गलियारों में खासी चर्चा रही। पार्टी के सिपहसलारों ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तो खुद की पार्टी के जयकारे लगाए। बाद में जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह से भेंट कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्षद ओम पालीवाल, जिला उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा के नेतृत्व में भाजपा के सभी 21 पार्षद ने यहां उपस्थिति दर्ज कराई।

ऐसे सवालों से कांग्रेस को घेरने की कोशिश

  1. भाजपा के पार्षदों ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से नगर परिषद बांसवाड़ा में 8 पार्षदों का मनोनयन किया गया है। इनमें से एक मनोनीत पार्षद (मनीष एन. जोशी) के मनोनयन को लेकर भाजपा ने सरकार पर सवाल दागे। कहा कि पूर्व में चुनाव लड़कर पार्षद बने मनीष जोशी को एसीबी ने ट्रेप किया था। तब उन्हें पार्षद पद से इस्तीफा देना पड़ा था। लेकिन, सत्ता पर काबिज सरकार ने एक बार फिर ऐसे व्यक्ति का मनोनयन किया है। इससे दूसरे नेताओं की छवि प्रभावित होती है।
  2. भाजपा के पार्षद प्रतिनिधि मंडल ने आरोप लगाया कि बांसवाड़ा नगर परिषद की ओर से अंबामाता मार्केट की 23 दुकानों को एकाएक सीज करने की कार्रवाई गलत थी। ऐसी तुगलकी कार्रवाई कर दुकानदारों को सड़क पर खड़ा करने की सोच पार्टी के संस्कारों को बताती है। कायदे से तो नगर परिषद को इन दुकानदारों की बैठक बुलानी थी। इसमें पार्षदों को भी शामिल करना था। उन्हें मौका दिया जाना चाहिए था।
  3. भाजपा ने कहा कि रातीतलाई में भारत माता मंदिर के समीप पड़े मैदान को प्रशासनिक स्तर पर मेडिकल कॉलेज को अलोट करने की तैयारी हो रही है। भाजपा ने कहा कि वैसे भी खेल मैदान खत्म होते जा रहे हैं। यह मैदान सालों से खिलाड़ियों के काम आ रहा है। ऐसे में प्रशासन को मेडिकल कॉलेज के लिए अलग कहीं जमीन आवंटित करनी चाहिए। इस सोच पर पुन: विचार करना चाहिए।

गलत कैसे होगा बर्दाश्त
मामले में वरिष्ठ पार्षद ओम पालीवाल ने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई है। विपक्ष में रहते हुए गलत फैसलों पर आपत्ति उठाना हमारा धर्म है। सरकार के अलावा परिषद भी तुगलकी फैसले ले रही है, जिसका हम सब विरोध करते हैं।

शेयर करे

More news

Search
×