Home News Business

बांसवाड़ा के पीपलोद गांव में ग्रामोत्सव:80 फीसदी घरों में गोपालन का संकल्प लिया; हर घर तुलसी, प्लास्टिक मुक्त गांव का संकल्प

Banswara
बांसवाड़ा के पीपलोद गांव में ग्रामोत्सव:80 फीसदी घरों में गोपालन का संकल्प लिया; हर घर तुलसी, प्लास्टिक मुक्त गांव का संकल्प
@HelloBanswara - Banswara -

बांसवाड़ा में सुरभि ग्राम विकास समिति पीपलोद के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बांसवाड़ा खंड बागीदौरा में सोमवार शाम को ग्रामोत्सव मनाया गया। नगर को झंडियों से सजाया गया, घर-घर तोरण द्वार बनाए गए और रंगोलियां सजाई गई। ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर पुरातन संस्कृति को जीवंत किया।

ग्रामोत्सव की शुरुआत चित्तौड़ के सह प्रांत कार्यवाह दीपक शुक्ला के आगमन पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों के नाद से हुई। संगमेश्वर महादेव मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन किया गया। ग्रामीणों ने तिलक लगाकर व उपरणा ओढ़ाकर अतिथियों का स्वागत किया।

कैलाश पटेल ने बताया- दीपक शुक्ला, विभाग प्रचारक विकास राज, भरत कुमावत और गोपाल पाटीदार के सानिध्य में ग्राम दर्शन कार्यक्रम हुआ। मंगलवार को महिलाएं मंगल लोकगीत गाती नजर आईं, जबकि युवा और वृद्ध गेर नृत्य करते दिखे। इन पारंपरिक गतिविधियों ने आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शाम को ग्राम विकास समिति की बैठक में युवाओं व बुजुर्गों को गांव के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया गया। शाम को संगमेश्वर शिवालय पर महाआरती हुई, इ समें ग्रामीणों और अतिथियों ने भाग लिया। महाआरती के बाद सांस्कृतिक संध्या हुई। मुख्य वक्ता दीपक शुक्ला, विभाग प्रचारक विकास राज, भरत कुमावत और अशोक सुथार ने मां भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कैलाश पटेल ने अतिथियों का परिचय कराया। कल्याण पटेल ने स्वागत उद्बोधन दिया और सुरभि ग्राम पीपलोद में हुए कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतिवेदन में बताया गया कि गांव में 25 प्रतिशत जैविक खेती हो रही है, 80 प्रतिशत घरों में में देशी गोपालन किया जा रहा है, हर घर में तुलसी का पौधा है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थिति जनसमूह।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थिति जनसमूह।

ग्राम को प्लास्टिक मुक्त बनाने, भित्ति लेखन, सुरक्षा और सामाजिक समरसता पर कार्य किए जा रहे हैं। गांव के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें ग्रामीणों ने सराह्य। मुख्य वक्ता दीपक शुक्ला ने ग्राम विकास को राष्ट्र विकास की आधारशिला बताया और सुरभि ग्राम पीपलोद को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की योजना के तहत प्रभात गांव घोषित किया।

उन्होंने संयुक्त परिवार की महत्ता पर जोर दिया और कहा कि कुटुंब प्रबंधन आज की महती आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अपने परिवारों को संगठित और संस्कारित करने का आग्रह किया। साथ ही, पीपलोद को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रयासों की सराहना की और ग्रामीण संस्कृति को संजोकर रखने पर बल दिया।

अध्यक्षता भूरा भाई पटेल ने की, संचालन दीपेश सेवक ने किया। आभार ग्राम विकास समिति के सदस्य प्रकाश दायमा ने माना। यह जानकारी जिला ग्राम संयोजक मनोज पाटीदार ने दी।

कंटेंट- धर्मेंद्र उपाध्याय छींच।

शेयर करे

More news

Search
×