शारदा नगर कॉलोनी में सफाईकर्मी नहीं आने से लोगों में रोष, खाली प्लॉट में भी गंदगी का अंबार

शारदा नगर जहां स्थानीय लोगों ने मुख्य रूप सफाई को लेकर आक्रोश जताया। लोगों ने बताया कि पिछले 2 महीने से सफाईकर्मी नहीं आ रहे हैं। खुद से ही सफाई करनी पड़ रही है। साथ ही खाली प्लॉट भी लोगों के लिए मुश्किल बन गए हैं। झाड़ियों उग चुकी हैं, लोगों ने कचरा डालना भी शुरू कर दिया है। साथ ही इलाके में पशुओं और कुत्ते ज्यादा होने से लोग परेशान हैं। जिसको लेकर कई बार शिकायत के बाद भी अभी तक समाधान नहीं हुआ है।
सफाई के लिए मैंने नगर परिषद में लिखित में दिया है। यहां सफाई कर्मचारियों की मांग की है। साथ ही खाली प्लॉट की जो समस्या है उनके लिए प्लॉट मालिकों को नोटिस दिया जाएगा। ताकि वे समय समय पर सफाई करें साथ ही प्लॉट के चारों तरफ दीवार की जाए। -सज्जन सिंह राठौड़, पार्षद
सफाई यहां सबसे बड़ी समस्या है। उसके अलावा रात में कोई गश्त करने की व्यवस्था भी नहीं हैं। जिससे चोरी की वारदातें भी बढ़ रही है। बाइक से चोर तेल चुराकर ले जाते हैं। यहां कम से कम गार्ड की व्यवस्था होनी चाहिए। सफाई की भी व्यवस्था की जानी चाहिए। -संजीव दीक्षित, शिक्षक
कॉलोनी में प्रमुख रुप से तो यहां सफाई नहीं हो रही है। जगह जगह लीकेज हो रखा है। जिससे घरों में पानी सप्लाई भी ठीक तरीके से नहीं हो पा रही है। कुत्ते भी बहुत है जिसको लेकर भी कई बार नगर परिषद में लिखित में दिया है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। -भूपेश पाठक, आयुर्वेद चिकित्सक
दिनभर यहां पशु यहां बैठे रहते हैं। बच्चे भी बाहर निकलने से डरते हैं। साथ ही कॉलोनी में कुत्ते बहुत है। सफाई वाले नहीं होने से लोग परेशान है। सड़कों पर कचरा ही पड़ा रहता है। नालियों की भी सफाई नहीं हो रही है। कई बार अवगत भी करा दिया, उसके बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ है। -नरेश जोशी, स्थानीय निवासी
दो महीने से मोहल्ले में सफाई वाले नहीं आ रहे हैं। पहले आते थे और बढ़िया सफाई भी करते थे, लेकिन अब बिलकुल बंद हैं। कोई ध्यान नहीं दे रहा है। गली नंबर 4, 5, 6 में तो कोई नहीं आ रहा है, केवल मैन रोड के पास ही सफाई हो रही है। साथ ही पशु भी बहुत घूम रहे हैं, जगह-जगह गलियों मेंं बैठे रहते हैं। -जयेश चौहान, बैंक कर्मचारी
सामने नाले की समस्या है। बदबू आती रहती है। कम से कम इसके दीवार तो होनी चाहिए। साथ ही कॉलोनी में कोई सफाई करने वाले भी नहीं आते हैं। सड़कों पर सफाई भी नहीं हो रही है। खाली प्लॉटों की भी सफाई खुद से करानी पड़ती है। पास वाले में एक बार पार्षद ने भी सफाई करवाई थी। -मुकुल शुक्ल, प्रधानाचार्य
यहां खाली प्लॉट की बड़ी समस्या है। सफाई नहीं करने से झाड़ियों और गंदगी की भरमार रहती है। खुद से हमें कई बार इनकी सफाई करानी पड़ती है। इसके अलावा कॉलोनी में जगह-जगह पानी की लीकेज होते रहते हैं, अभी भी दो जगहों पर लीकेज हो रहा है। जिसके चलते घरों में प्रेशर का पानी नहीं आ रहा है। -वीरेंद्र पाटीदार, प्रिंसिपल