Home News Business

चालक और साथी को अगवा कर आंखों पर बांध दी पट्टी, कार में आधे घंटे तक घुमाते रहे इतने में पिकअप से चुरा लिया 4.50 लाख का 3 हजार किलो लहसून

Banswara
चालक और साथी को अगवा कर आंखों पर बांध दी पट्टी, कार में आधे घंटे तक घुमाते रहे इतने में पिकअप से चुरा लिया 4.50 लाख का 3 हजार किलो लहसून
@HelloBanswara - Banswara -

लहसून की बढ़ती कीमत से अब यह लुटेराें के भी निशाने पर है। घाटोल में एक पिकअप चालक अाैर उसके साथी काे अगवा किया अाैर लहसून चुरा लिया। वारदात को फिल्मी अंदाज में और सोची समझी प्लानिंग के जरिये अंजाम दिया गया। बदमाशों ने पहले हथियार के दम पर चालक और उसके साथी को कार में बिठाकर अगवा कर लिया। फिर आंखों पर पट्टी बांध दी ताकि उन्हें कुछ मालूम नहीं चल सके। आधे घंटे बाद उन्हें वापस पिकअप के पास छोड़ दिया। इस बीच पिकअप से लहसून चुराया जा चुका था। पीड़ित चालक ने पुलिस को इत्तला दी तो तलाश की गई लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका। पिकअप में 3 टन लहसून भरा था। बाजार में फिलहाल लहसून 150 से 200 रुपए किलो तक में बिक रहा है। ऐसे में अगर 150 रुपए प्रति किलो के हिसाब से देखे तो यह 4.50 लाख रुपए कीमत का लहसून चुरा लिया। वारदात मंदसौर निवासी 22 वर्षीय शाहरुख पुत्र मोहम्मद खान और साथी 32 वर्षीय बलवंत पुत्र जसवंतसिंह के साथ हुई है।

शाहरुख खान मंदसौर से 3 टन लहसून से भरी पिकअप लेकर बड़ौदा सप्लाई देने जा रहा था। रात 8 बजे घाटोल पहुंचने पर दोनों को भूख लगी। इस पर दोनों गुरुकृपा होटल पर रुके और भोजन किया। रात 10:55 बजे दोनों पिकअप लेकर आगे के लिए रवाना हुए। उनकी पिकअप के आगे एक ट्रक चल रहा था और पीछे कुछ दूरी पर कार। शाहरुख ने कार चालक को साइड देकर आगे निकलने का इशारा किया। लेकिन कार पिकअप के आगे आगर रुक गई। एकाएक कार आगे रुकने पर पिकअप का भी ब्रेक लगाने पड़े। कार में से 2 से 3 व्यक्ति निकले और आते ही शाहरुख और उसके साथी को धमकाने लगे। बदमाशों के हाथ में हथियार भी था। शाहरुख और बलवंत को जबरन कार में बिठा दिया। दोनों की आंखों पर पट्टी बांध दी। लहसून से भरी पिकअप वहीं छोड़ दी। कार सवार दोनों को अगवा कर 2 से 3 किमी आगे ले गए। करीब आधे घंटे बाद दोनों को वापस वारदात वाली जगह लाए और पिकअप के पास छोड़ दिया। लेकिन इससे पहले दोनों के मोबाइल की सिम बदमाशों ने निकाल ली ताकि तुरंत किसी को मदद के लिए नहीं बुला सके। वापस छाेड़ने पर शाहरुख ने पिकअप के पीछे जाकर देखा तो पूरा लहसून गायब था। वह समझ गया कि दाेनों को अगवा इसलिए किया गया कि इतनी देर में उनका लहसून खाली किया जा सके।

पिकअप का पीछा किया, पहले से तय था लहसून चुराना: जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया इससे यही प्रतीत होता है कि लहसून चुराने का प्लान पहले से तय था। वह इसलिए कि कार सवार काफी देर से पिकअप का पीछा कर रहे थे। उन्हें अगवा कर आंखों पर पट्टी बांधना और कुछ देर तक घुमाना। इतने में किसी दूसरे वाहन से इतनी बड़ी मात्रा में लहसून खालीकर चुराना एकाएक मौका देखकर की गई वारदात नहीं हो सकती। चाेरी से पहले से ही कार के अलावा दूसरा वाहन भी तैयार रखा था। चालक और उसके साथी को अगवा करना और इतने में लहसून खालीकर चुराना भी पहले से ही सोची समझी प्लानिंग थी।

100 नंबर पर नहीं मिली मदद, 108 से पुलिस को दी सूचना

वारदात के बाद चालक शाहरुख ने मदद के लिए 100 नंबर डॉयल किया लेकिन कोई मदद नहीं मिली। चूंकि, वह घाटोल में किसी पुलिस का नंबर नहीं जानता था इसलिए 108 एंबुलेंस नंबर पर डायल किया। जहां से पुलिस को वारदात के बारे में खबर दी गई। थोड़ी देर बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और काफी दूर तक बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। शाहरुख ने बताया कि अंधेरा था लेकिन दोबारा देखने पर वह बदमाशों को पहचान सकता है।

FunFestival2024
शेयर करे

More news

Search
×