Home News Business

ना भी और हां भी:लोकसभा सीट के लिए मालवीया बोले - किसी और को मौका मिले, लेकिन आलाकमान कहेगा तो चुनाव लड़ूंगा

Banswara
ना भी और हां भी:लोकसभा सीट के लिए मालवीया बोले - किसी और को मौका मिले, लेकिन आलाकमान कहेगा तो चुनाव लड़ूंगा
@HelloBanswara - Banswara -

लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने गुरुवार को बांसवाड़ा में पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। पीसीसी द्वारा नियुक्त प्रभारी रामलाल जाट और रोहित बोहरा डूंगरपुर के बाद बांसवाड़ा आए। यहां बैठक के बाद प्रभारी ने लोकसभा सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं से वन-टू-वन बात की। चुनाव लड़ने वाले दावेदारों का ब्यौरा एकत्रित करने के बाद अब 5 फरवरी को कांग्रेस कमेटी को सौंपेंगे।

बताया जा रहा है कि ज्यादातर नेताओं से चर्चा के बाद सीडब्ल्यूसी सदस्य व बागीदौरा विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीया का नाम सबसे आगे है। लेकिन पार्टी कार्यालय में मालवीया ने साफ कहा कि चुनाव में वह खुद दावेदारी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अभी भी एक जिम्मेदारी वाले पद पर हैं। लोकसभा सीट के लिए किसी और को मौका मिले तो भी पूरी तरह से मदद करेंगे। लेकिन अगर पार्टी मुझ पर जिम्मेदारी देती है तो आलाकमान का आदेश मानते हुए हथियार नहीं डालेंगे, बल्कि पूरी ताकत से लड़ेंगे। रोहित बोहरा ने कहा कि हम यह जानने के लिए आए हैं कि चुनाव कैसे जीतें। कार्यकर्ताओं की राय हम जानेंगे और आगे तक पहुंचाएंगे। चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ता की ताकत चाहिए और एकजुट होना पड़ेगा। राजस्थान में कांटे की टक्कर है और बांसवाड़ा-डूंगरपुर सीट भी जीतेंगे। रामलाल जाट ने कहा कि यह चुनाव देश में एक दिशा तय करेगा। इसमें कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जो देश में हालात चल रहे हैं, वो ठीक नहीं। पूर्व मंत्री व बागीदौरा विधायक महेंद्रजीत सिंह मालविया ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास बहुत पुराना है। जो कांग्रेस ने किया, उसे देश भुला नहीं सकता।

यह भी रहे मौजूद : बैठक में जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र पंड्या, विधायक अर्जुनसिंह बामनिया, घाटोल विधायक नानालाल निनामा, कुशलगढ़ विधायक रमीला खड़िया, पीसीसी महामंत्री चांदमल जैन, जिला प्रमुख रेशम मालवीया, सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी, हंसमुख सेठ, प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान पठान, अब्दुल गफ्फार, सुभाष तंबोलिया, प्रेमप्रताप सिंह मालवीया, मनीष देव जोशी, एनएसयूआई अध्यक्ष आसिफ खान, सेवादल अध्यक्ष साजिद नायक, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कल्पना कटारा, नवाब फौजदार सहित अन्य मौजूद रहे। महेंद्रजीत सिंह मालवीय पूर्व में डूंगरपुर- बांसवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से 12वीं लोकसभा के सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

मौजूदा समय में डूंगरपुर-बांसवाड़ा संसदीय क्षेत्र में भाजपा से कनकमल कटारा सांसद है, ऐसे में ज्यादातर पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि ये सीट मालवीया के चेहरे से रिकवर हो सकती है। मालवीय को राजनीति का लंबा अनुभव है। वे चार बार विधायक, दो बार मंत्री बने हैं। अभी सीडब्ल्यूसी के सदस्य भी हैं। इन सभी कारणों से मालवीय का पलड़ा भारी बताया जा रहा है। लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आठ विधानसभा सीटों में से 5 सीटों पर वर्तमान में कांग्रेस के विधायक है। विधानसभा चुनाव 2023 में मालवीया को कुल 1 लाख से अधिक वोट मिले थे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वल्लभराम पाटीदार ने कहा कि इस बार बारी बांसवाड़ा की है।

बांसवाड़ा से जो भी प्रत्याशी खड़ा करते हैं, उसे हमारा समर्थन है। हम सर्वसम्मति से निर्णय लेते हैं कि हमारे यहां से कोई प्रत्याशी नहीं होगा। जो बांसवाड़ा से प्रत्याशी होगा, उसका हम समर्थन करते हैं। पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा ने कहा कि महेंद्रजीत सिंह मालवीया ही यह सीट निकाल सकते हैं, इसलिए उन्हें यह चुनाव लड़ना चाहिए। मालवीया ने कहा कि आलाकमान जो तय करेगा, उसे स्वीकार करेंगे।

FunFestival2024
शेयर करे

More news

Search
×