Home News Business

जो अपने घर का पता भी नहीं लिख पाते उन बच्चों से पूरा करवा रहे अधूरा राजस्व रिकॉर्ड

Banswara
जो अपने घर का पता भी नहीं लिख पाते उन बच्चों से पूरा करवा रहे अधूरा राजस्व रिकॉर्ड
@HelloBanswara - Banswara -

गढ़ी तहसील में राजस्व से जुड़े काम में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। पांच साल से रिकाॅर्ड अधूरा है, जिसमें गड़बड़ी की भी आशंका है। इसके बावजूद संबंधित रीडर पर कार्रवाई नहीं कर तहसीलदार स्वयं लीपापोती में लगे हैं। इतना ही नहीं रीडर के तबादले के एक साल बाद अब उससे अधूरा रिकाॅर्ड पूरा करवाया जा रहा है। इसके लिए एक सेवानिवृत्त रीडर की टीम भी लगाई गई है तो वहीं तहसील में राजस्व संबंधित रिकाॅर्ड बच्चे पूरा कर रहे हैं। तहसील परिसर में बैठकर बच्चे राजस्व से जुड़े दस्तावेजों पर मनमर्जी से पेन चला रहे हैं। तहसील में ही बालश्रम करवाया जा रहा है। जबकि, बालश्रम को रोकने की जिम्मेदारी भी इन्हीं प्रशासनिक अधिकारियों की है। दरअसल, यहां कार्यरत रीडर मंदोर गवारिया का कुछ दिन पूर्व तबादला हो गया था। इसके बाद उसे कार्य मुक्त भी कर दिया गया। पर, गत 5 वर्ष का राजस्व संबंधित रिकाॅर्ड अधूरा होने पर तहसीलदार से उसे पूरा करने को कहा। इस पर तहसीलदार ने एक िरटायर रीडर और उनकी टीम को िरकाॅर्ड पूरा करने के लिए बांसवाड़ा से गढ़ी तहसील में बुलाया। टीम का खर्च 5 हजार रुपए प्रतिदिन रीडर गवारिया को देना तय हुआ। इस पर रीडर गवारिया ने टीम को रोक दिया। इसके बाद उसने अपने घर-परिवार के बच्चों को ही काम में लगा दिया। इससे गत करीब 15 दिन से राजस्व संबंधित रिकाॅर्ड बच्चों के हाथ में है।

तहसीलदार ने टीम बुलाई, जिसे रोज 5 हजार रुपए और वाहन किराया देना पड़ता, इसलिए मैंने अपने परिवार के बच्चों को काम पर लगा दिया : रीडर

सवाल : ऐसी लीपापोती क्यों?
ऐसा कौन-सा काम था, जिसके लिए टीम को एक दिन के 5 हजार रुपए दिए जा रहे थे। अब वही काम बच्चों से करवा रहे।


परतापुर. तहसील कार्यालय में राजस्व रिकॉर्ड का कार्य करते नाबालिग बच्चे।

 मेरे कार्यकाल का काम अधूरा था और तहसीलदार ने कार्य पूरा करने के लिए बांसवाड़ा से तीन जनों को बुलाया था। उनको रोज 5 हजार व वाहन आदि का खर्चा अलग से देना पड़ता था। इसलिए मैंने अपने परिवार के बच्चों से कुछ काम करवा लिया। मंदोर गवारिया, रीडर


सीधी बात : तहसीलदार केसर सिंह



Q. रीडर मंडोर गवारिया का स्थानांतरण कब हुआ और कितने साल का रिकाॅर्ड अधूरा है?
A. करीब एक साल पहले हुआ है और 5 साल का रिकॉर्ड अधूरा है।
Q. सेवानिवृत्त रीडर की टीम किस काम के लिए बुलाई थी?
A. रिकॉर्ड ठीक करने के लिए बांसवाड़ा से रिटायर रीडर के साथ टीम बुलाई थी।
Q. सेवानिवृत्त रीडर की टीम को काम करने का पैसा कौन दे रहा था?
A. पैसे मैं दे रहा हूं। गवारिया झूठ बोल रहा है कि पैसा उसने दिए।
Q. पांच वर्ष से रिकार्ड अधूरा था तो कार्रवाई क्यों नहीं की?
A. कार्रवाई के लिए उसको बोला तो वह विगत कई दिनों से तहसील कार्यालय में आकर अपना रिकॉर्ड पूरा कर रहा है। बच्चे तो सिर्फ 2 दिन से आ रहे हैं। बच्चे क्या कर रहे थे मुझे जानकारी नहीं है।
Q. तहसील कार्यालय के अंदर ही नाबालिग काम कर रहे हैं? आपको पता क्यों नहीं?
A. रीडर अपने घर से बच्चों को लेकर आया था और उनसे काम करवा रहा था।

शेयर करे

More news

Search
×