Home News Business

राजस्थान का पहला मेंगो फेस्टिवल शुरू, कुशलबाग मैदान में सजा फलों के राजा ‘आम’ का ’खास’ संसार

राजस्थान का पहला मेंगो फेस्टिवल शुरू,  कुशलबाग मैदान में सजा फलों के राजा ‘आम’ का ’खास’ संसार
@HelloBanswara - -

Banswara June 08, 2019 - फलों के राजा आम की बांसवाड़ा में पाई जाने वाली 46 प्रजातियों से देश-दुनिया को रूबरू करवाने के लिए राजस्थान का पहला मेंगो फेस्टिवल बांसवाड़ा के कुशलबाग मैदान में कल शुक्रवार शाम से शुरू हुआ।  जिला प्रशासन, कृषि अनुसंधान केन्द्र तथा बांसवाड़ा पर्यटन उन्नयन समिति के तत्वावधान में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय बांसवाड़ा मेंगो फेस्टिवल का शुभारंभ जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग उद्योग एवं राजकीय उपक्रम विभाग राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामनिया के मुख्य आतिथ्य में हुआ।  
 

पहला और सफल प्रयास: बामनिया  -
राज्यमंत्री बामनिया ने शाम को फेस्टिवल का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया और फेस्टिवल की विविध स्टाल्स का अवलोकन किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि जिला प्रशासन, कृषि अनुसंधान केन्द्र तथा उद्यान विभाग द्वारा किया गया यह पहला और सफल प्रयास बांसवाड़ा जिले में आम की इतनी सारी प्रजातियों की उपलब्धता को देश-दुनिया तक पहुंचाएगा। उन्होंने इस आयोजन की सफलता में जुटे अधिकारियों की भी सराहना की। इस मौके पर जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने राज्यमंत्री बामनिया को समस्त स्टाल्स का अवलोकन करवाया। उन्होंने यहां पर आम की प्रजातियों के प्रदर्शन को भी देखा तथा यहां विविध स्टाल्स पर आम प्रजातियों को चखा भी। इस मौके पर नगरपरिषद सभापति मंजूबाला पुरोहित, समाजसेवी जेनेन्द्र त्रिवेदी, पार्षद अमजद हुसैन, देवबाला राठौड़, समाजसेवी विकेश मेहता, शैलेन्द्र वोरा, न्याजुदुल्ला खा, पर्यटन उन्नयन समिति के संरक्षक जगमालसिंह, सचिव हेमांग जोशी, मुजफ्फर हुसैन, जिला परिषद सीईओ गोविंदसिंह राणावत सहित कई विभागीय अधिकारी व अन्यजन मौजूद थे।   
 

फेस्टिवल में 13 स्टॉल्स पर आम की विविध 46 प्रजातियों की प्रदर्शनी लगाई गई थी वहीं 8 पर आम के उत्पादों का प्रदर्शन व विक्रय किया गया। एक स्टॉल तकनीकी परामर्श केन्द्र के रूप में स्थापित थी जहां पर कृषि अनुसंधान केन्द्र के वैज्ञानिक मौजूद रहकर आम के संबंध में जनसामान्य की शंकाओं का समाधान कर रहे थे।   
दो घंटों में ही लगभग सात क्विंटल आम बिका:  
मेंगो फेस्टिवल के प्रति लोगों दिवानगी इस कदर थी कि फेस्टिवल के शाम 6 बजे से शुरू होने से एक घंटे पहले ही लोग अलग-अलग स्टाल्स पर पहुंच गए और आम व उत्पादों की खरीदी शुरू कर दी। रात्रि 8 बजे तक मल्लिका, लंगड़ा, केसर, जंबो केसर गुजरात, चौरा, आम्रपाली, दशहरी, आदि प्रजातियों के स्टाल्स पर लाए गए आम खत्म हो गए और लोगों ने मजबूरन दूसरी प्रजातियों के आम खरीदे। रात्रि साढ़े आठ बजे तक कृषि अनुसंधान केन्द्र के संभागीय निदेशक डॉ. प्रमोद रोकड़िया निर्देशन में संचालित स्टाल्स पर 4 क्विंटल, कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रभारी डॉ. एचएल बुगालिया के निर्देशन में संचालित स्टाल पर 2 क्विंटल और रैयाणा से पहुंचे काश्तकार गैफरलाल के स्टाल्स पर 90 किलो से अधिक आम की बिक्री हो गई।  
आमपाक डेढ़ घंटे में ही साफ:  
बांसवाड़ा में खासतौर पर बनाए जाने वाले आमपाक के प्रति भी लोगों की दिवानगी आज नज़र आई। शहर के आजाद चौक की 90 वर्ष पुरानी फर्म आरएमबी के अनिल जोशी द्वारा लगाए गए स्टाल पर करीब 30 किलो आमपाक बिक्री के लिए रखा गया था और डेढ़ घंट के अंतराल में ही इस स्टाल पर आमपाक साफ हो गया।  
एक क्विंटल से ज्यादा बिका अचार:  
मेंगो फेस्टिवल में बांसवाड़ा जिले के प्रसिद्ध छींच गांव के प्रेमदीप आम अचार के स्टाल पर एक क्विंटल से ज्यादा आम का अचार बिका। लोगों ने यहां पर फर्म मालिक प्रेमनागर और जगदीश नागर से आम अचार को टेस्ट करते हुए अचार खरीदा। इसी प्रकार राजीविका के स्टाल पर भी 17 किलो अचार व दस किलो आम पापड़, उद्यान विभाग के प्रभारी प्रीतम बामनिया के निर्देशन में स्टाल पर 48 किलो आम पापड़ तथा आम के 50 पौधों की बिक्री की गई। रिलायंस फ़ाउंडेशन के जितेन्द्र चौधरी के निर्देशन में लगे स्टाल पर बड़ी संख्या में लोगो ने केरीपना का लुत्फ उठाया। दूसरी तरफ कृषि विज्ञान केन्द्र के स्टाल पर रश्मि दवे  ने लोगो को आम पना, केरी पुदिना शर्बत, अमचुर पाउडर, केरी मुरब्बा, आम का मीठा अचार, केरी जेम, केरी लोंजी तथा केरी पुदिना केण्डी को टेस्ट कराया और इसकी निर्माण प्रविधि के बारे में जानकारी दी।     
250 ग्लास मेंगो शैक गटका: 
मेंगो फेस्टिवल में लोगों ने 250 ग्लास मैंगो शैक गटका और साढ़े आठ बजे तक जमा स्टॉक खत्म हो गया। लोगों को रियायती दर पर मेंगो शैक उपलब्ध कराया।     
पोस्टर प्रतियोगिता आज:  
मेंगो फेस्टिवल के तहत आम पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 8 जून को शाम 6 बजे कुशलबाग मैदान में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में शिक्षा विभाग स्कूली विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है।    
स्काउट्स ने दी सेवाएं :
मेंगो फेस्टिवल में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खान्दू कॉलोनी के स्काउट्स शुभम राठौड़, अर्जुन, विशाल निनामा, गौरव पंचाल, जयेश कलाल, राहुल शाह, लोकेन्द्र सिंह ने गाइडर दक्षा उपाध्याय के निर्देशन में सेवाएं दी। 
मेंगो फेस्टिवल में आम विषयक दो फोल्डर्स का हुआ विमोचन :
जिला प्रशासन,  कृषि अनुसंधान केन्द्र, उद्यान विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र की टीम द्वारा तैयार किए गए फोल्डर का विमोचन किया। जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा के निर्देशन में संपादन टीम द्वारा विशेष रूप से फेस्टिवल के बारे में जानकारी प्रदान करने वाले इस फोल्डर में आठ पृष्ठों में मेंगो फेस्टिवल आयोजन के उद्देश्य, आम के उत्पादन व विपणन की स्थिति के साथ बांसवाड़ा में पाए जाने वाले आम की समस्त प्रजातियों की फोटो और नामों के साथ यहां के आमों की विशिष्टता के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई है। संपादन टीम में डॉ. प्रमोद रोकड़िया, डॉ. एचएल बुगालिया, डॉ. प्रशांत जांभुलकर, प्रीतम कुमार बामनिया द्वारा जानकारी जुटाई गई है। राज्यमंत्री ने इस प्रयास की सराहना की। राज्यमंत्री अर्जुनसिंह बामनिया ने कृषि विज्ञान केन्द्र की स्टॉल पर आम की खटाई को देखकर खुशी व्यक्त की। उन्होंने अपने बाल्यकाल से खटाई के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने जिला कलेक्टर से इसके संबंध में अपने अनुभव सांझा किये।

शेयर करे

More news

Search
×