Home News Business

मोहर्रम : मुस्लिम समाज ने निकाला मेहंदियों का जुलूस

मोहर्रम : मुस्लिम समाज ने निकाला मेहंदियों का जुलूस
@HelloBanswara - -

Banswara September 19, 2018 मोहर्रम के तहत मुस्लिम समुदाय के श्रद्धालुअों ने मंगलवार सातवीं की रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मेहंदियों का जुलूस निकाला गया। जुलूस शहर के गौरख इमली, पृथ्वीगंज, इंदिरा कॉलोनी, मकरानी वाडा़, कंधारवाड़ी, नबीपुरा, हुसैनी चौक, सरगड़ावाड़ा, खांदू कॉलोनी, मुस्लिम कॉलाेनी, मदार कॉलोनी, गुलशनपुरा आदि क्षेत्रों से मन्नती मेहंदियों का जुलूस जोशो खरोश के साथ निकाला गया। जो शहर में परंपरागत मार्गों से होकर गुजरा। बाद में मेहंदियों को मुकाम स्थल तक ले जाया गया। जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लिया। बुधवार सुबह धार्मिक परंपरा के अनुसार सुबह ढोल ताशों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों से मेहंदियों का जुलूस प्रारंभ होगा जो निर्धारित मार्गों से होता हुआ राजतलाब, डायलाब, नाथेलाव आदि जलाशयों पर पहुंचेगा। जहां मेहंदियों का विसर्जन किया जाएगा। 

जुल्फीकार का जुलूस कल 

मोहर्रम की नवमी की रात को पृथ्वीगंज मस्जिद में सिंधी वाड़ा पंच की ओर से जुल्फीकार बांधने की रस्म अदा करने के बाद जुल्फीकार मस्जिद से रात 9.30 बजे बाहर लाई जाएगी। जहां पर धार्मिक परंपरा के अनुसार परिक्रमा होगी। जहां लोग अपनी मन्नत के अनुसार धार्मिक विधि पूरी करेंगे। वहीं अंजुमन इस्लामिया के सदर नईम शेख ने बताया कि कंधारवाड़ी से भी नवमी की रात जुल्फिकार का जुलूस मस्जिद से निकाला जाएगा, जो परंपरागत मार्गों से होकर गुजरेगा। 

कुशलगढ़ में जुलूस निकाला 

कुशलगढ़. कस्बे में मोहर्रम पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय की ओर से मंगलवार रात को मेहंदी का जुलूस निकाला गया। कानून व्यवस्था को लेकर डीएसपी ब्रजराजसिंह चारण के निर्देश पर थानाधिकारी गोविंदसिंह राजपुरोहित समेत पुलिस जाब्ता तैनात था। 

शहर में मोहर्रम के तहत मंगलवार रात को मेहंदी का जुलूस निकाला। इसमें मुस्लिम समाजजन शामिल हुए। 

कुशलगढ़ में मंगलवार रात को मेहंदी का जुलूस निकाल गया। 

 

गढ़ी-परतापुर में प्रशासन ने व्यवस्थाएं देखी 

परतापुर| मोहर्रम के जुलूस को लेकर गढ़ी एसडीएम प्रभुदयाल शर्मा, थानाधिकारी गजेंद्रसिंह, तहसीलदार मयूर शर्मा ने मंगलवार को रास्ते और भगोरा तालाब का जायजा लिया। अधिकारियों ने लखारवाड़ी में बनने वाली सीसी सड़क का अधूरा काम जल्द पूरा करने के लिए पाबंद किया। साथ ही रास्ते की साफ सफाई करने को कहा। 

कुशलगढ़ में मुस्लिम समाज के हर साल मोहर्रम में निकलने वाले ताजिये देवानंद का परिवार ही बनाता है 

कुशलगढ़. कस्बे का देवानंद मच्चल परिवार पिछले 100 साल से सामाजिक समरसता और एकता की मिसाल पेश कर रहा है। मुस्लिम समाज के हर साल मोहर्रम में निकलने वाले ताजियो बनाने का काम देवांनद का परिवार ही करता है। कुशलगढ़ के वार्ड 3 दयानंद मार्ग निवासी देवानंद मच्चल का परिवार यह परंपरा निभा रहा है। देवानंद ने बताया कि उसके परदादा ने ताजिये बनाने ने 100 साल पहले यह परंपरा शुरू की थी, जो दादा सुल्तान, पिता मासूल के बाद हम आज भी निभा रहे हैं। देवानंद ने बताया कि करीब 12 वर्षों से वे स्वयं मोहर्रम के लिए घर में ताजिये बनाकर सजाते हैं। मेहंदी और मुख्य जुलूस में उसका परिवार शामिल भी होता है। 

 

By Bhaskar

शेयर करे

More news

Search
×