Home News Business

चरित्र पर शक के चलते कुएं में ले जाकर धकेला, खुद ने थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी रिपोर्ट

Banswara
चरित्र पर शक के चलते कुएं में ले जाकर धकेला, खुद ने थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी रिपोर्ट
@HelloBanswara - Banswara -

पति ही निकला महिला का हत्यारा:एक रात के लिए गायब हुई थी पत्नी

दो दिन पहले रोहनिया गांव के कुएं से बरामद हुए महिला के शव की गुत्थी आनंदपुरी थाना पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में मृतका संगीता के पति थावरचंद भाभोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी थावरचंद उसकी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसलिए उसने रात के अंधेरे में मौका पाकर उसे कुएं में धकेल दिया। बाद में झूठी कहानी होते हुए खुद ही पत्नी की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई।
आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार ने बताया कि रोहनिया निवासी थावरचंद ने 7 सितम्बर को उसकी पत्नी संगीता की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद संगीता का शव गांव से 400 मीटर दूर कुएं में मिला था। पत्नी को लेकर आरोपी के बदले-बदले बयानों से पुलिस को शक हुआ। गंभीरता से हुई पड़ताल में आरोपी ने उसका अपराध कबूल लिया।


पत्नी पर था शक
आरोपी थावरचंद ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 3 सितम्बर की रात को उसकी पत्नी संगीता बिना बताए घर से निकल गई थी। वह पूरी रात किसी के यहां बाहर रही। अगले दिन उसके पीहर वालों ने फोन पर बताया कि संगीता आ गई है। इस बात से वह खफा था। इस बीच दूसरे लोगों ने भी बताया कि संगीता के पास फोन हैं और उसके स्थानीय अन्य लोगों से अवैध संबंध हैं। इस पर 6 सितम्बर की रात को उसने घर में सो रही संगीता को नींद में उठाया। बाेला कि उसके साढू की लड़की यहां मेडम वीणा के घर आई है। उसके पास फोन आया है कि वह मेडम वीणा के यहां से लड़की को साथ ले आए। तभी संगीता नींद में आगे-आगे चलने लगी। तभी थावरचंद ने उसका हाथ पकड़कर खींचा और उसे कुएं में धकेल दिया। वह बचाव में चिल्लाई भी , लेकिन रात होने के कारण किसी को पता नहीं चला। संगीता ने गिरते समय थावरचंद का शर्ट भी पकड़ा, जिससे उसकी शर्ट भी फट गई। दूसरे दिन उसने घर वालों को बताया कि संगीता रात को कहीं निकल गई है। इसके बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
टीम में थे शामिल
जांच टीम में थानाधिकारी पाटीदार के साथ एसआई शंकरलाल, एएसआई अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल लालसिंह, कल्याणसिंह व जितेंद्र पाटीदार, कांस्टेबल प्रदीपसिंह, जितेंद्र कुमार व महेश चंद्र शामिल थे।

FunFestival2024
शेयर करे

More news

Search
×