Home News Business

बासा मीट और शराब से तीन की मौत!: पति व जेठ का शव बीच रास्ते से लेकर लौटे, पत्नी ने अस्पताल में दम तोड़ा

Banswara
बासा मीट और शराब से तीन की मौत!: पति व जेठ का शव बीच रास्ते से लेकर लौटे, पत्नी ने अस्पताल में दम तोड़ा
@HelloBanswara - Banswara -

यहां बुधवार को बासा मांस और शराब के सेवन के बाद तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में एक ही परिवार से पति-पत्नी के अलावा चचेरा भाई शामिल है। इसमें पति और भाई की अस्पताल पहुंचने से पहले बीच रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि महिला ने जिला अस्पताल पहुंचने के बाद बुधवार देर शाम दम तोड़ दिया। प्राथमिक जांच कर रही पुलिस मामले को फूड पॉइजनिंग बता रही है। हालांकि, अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। देर शाम मिली सूचना के बाद पुलिस रात करीब नौ बजे मौके पर पहुंची। वहीं एफएसएल की टीम भी वहां पहुंची। मामला आंबापुरा थाने का है।

आंबापुरा थाना इंचार्ज SI गजवीर सिंह ने बताया कि मृतक दंपती ने पाडे का मांस बनाया था। शाम को वही खाया था। सुबह वही बासी मांस खाया और साथ में शराब भी पी। चूंकि परिवार में बच्चे मांस सेवन नहीं करते थे। इसलिए उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है। भोजन मूल मकान से 3KM दूर खेतों के बीच बने अस्थाई मकान में किया गया, जहां बच्चे नहीं थे। परिवार में कुल 5 बच्चे हैं। इनमें तीन लड़कियां और 2 लड़के हैं। इसमें एक लड़की की शादी हुई है।

थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि गढ़ा ग्राम पंचायत के सज्जनगढ़ फला (घोटिया आंबा के पास) निवासी गंगा (45) पति कांति निनामा, कांति (50) पुत्र पेमला निनामा व चचेरे भाई वागजी (61) पुत्र भैरा की मौत हुई है। परिवार के मगनलाल निनामा ने बताया कि बीती रात को गंगा और कांति ने शराब के साथ मांस का सेवन किया था। वहीं बासी मीट और शराब का गंगा, कांति और वागजी ने दोपहर के समय सेवन किया। तभी तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी दस्त की शिकायत हुई।

इस पर परिवार खेड़ा वड़लीपाड़ा लेकर पहुंचा, जहां उन्हें ग्लूकोज चढ़ाया गया। हालत नाजुक देख वड़लीपाड़ा में डॉक्टर ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद सभी को बांसवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाने की कवायद हुई। यहां कांति और वागजी की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि महिला गंगा ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस खुद भी मामले को लेकर पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है। जांच के बाद ही घटनाक्रम बताने की बात की जा रही है।DSP पहुंचे जिला अस्पताल, बोले: इन्वेस्टिगेशन है

इधर, देर शाम मामला सामने आने के बाद DSP सूर्यवीर सिंह राठौड़ जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने मृतक महिला के परिवार से जानकारी जुटाई। इस बीच उन्होंने मीडिया को दूर रखा। कहा कि ये उनके इन्वेस्टिगेशन का विषय है। देर शाम ही शव को मोर्चरी में शिफ्ट कराया गया।

दोपहर तक खेतों पर दिखे थे

स्थानीय परिवार के लोगों ने बताया कि वागजी शाम को हुई पार्टी में शामिल नहीं हुआ था। सुबह करीब 10 बजे तक तीनों ही मृतक खेतों में आराम से काम कर रहे थे। इसके बाद मीट और बची हुई शराब का तीनों ने सेवन किया। इसके बाद ये हादसा हुआ।

शेयर करे

More news

Search
×