Home News Business

एक महीने में दुष्कर्म की तीसरी घटना, मुंह पर ऑक्सीजन मास्क, हाथ बंधे थे और वार्ड बॉय रातभर करता रहा अश्लीलता

Banswara
एक महीने में दुष्कर्म की तीसरी घटना, मुंह पर ऑक्सीजन मास्क, हाथ बंधे थे और वार्ड बॉय रातभर करता रहा अश्लीलता
@HelloBanswara - Banswara -

  • जयपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल के ICU में नर्सिंगकर्मी ने मरीज से किया रेप
  • बड़ा सवाल- आखिर कहां सुरक्षित हैं महिलाएं? न अस्पताल, न थाना, न सरकारी ऑफिस

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के एक निजी अस्पताल के वार्ड बॉय को पुलिस ने ICU में वेंटीलेटर पर पड़ी मरीज के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पिछले एक महीने में महिलाओं पर दुष्कर्म की यह तीसरी घटना है, जिसने देशभर को झकझोर दिया है। दो मार्च को अलवर में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने गई महिला के साथ थाने में ही पदस्थ ASI ने रेप किया। इसकी FIR आठ मार्च को दर्ज की गई। 15 मार्च को कोटा की एक नाबालिग को बहला फुसलाकर झालावाड़ ले जाया गया। यहां 20 से ज्यादा लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अब जयपुर के निजी अस्पताल के ICU की ये घटना।

इस मामले में पीड़िता वेंटीलेटर पर थी, मुंह पर ऑक्सीजन की नली लगी थी। हाथ बंधे थे। शाम को ही सर्जरी हुई थी, जिससे पूरे शरीर में तकलीफ थी। इस हालत में भी जितना विरोध कर सकती थी किया, लेकिन उस दरिंदे को तरस नहीं आई। वह उसके शरीर को बार-बार टटोलता रहा और अपनी हवस पूरी करता रहा। मामला जयपुर के शैल्बी अस्पताल का है। यहां सोमवार रात ICU में एक नर्सिंगकर्मी ने महिला मरीज के साथ यह हरकत की। अब महिला के पति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पीड़ित महिला ICU में अकेली थी। वह इस घटना के बाद पूरी रात रोती रही। सुबह नर्स से शिकायत करने की कोशिश की तो नजदीक ही खड़े आरोपी ने इशारे से धमकी देकर चुप करा दिया। कुछ देर बाद पति वहां पहुंचा तो महिला ने उसे इशारे से घटना के बारे में बताने की कोशिश की। पति ने मामले की गंभीरता को समझा और उसे कॉपी-पेन थमा दिया। उसने पूरी कहानी लिखकर बता दी। इसके बाद पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी का नाम खुशीराम गुर्जर है। वह करौली के नादौती का रहने वाला है। वह यहां कानोता इलाके में विजयपुरा स्थित कृष्णा धाम में रहता था।

पुलिस टीम ने ड्यूटी चार्ट और CCTV कैमरों के आधार पर आरोपी की पहचान करके तलाश शुरू की। आरोपी आगरा रोड पर रहता था। पुलिस टीमों ने लोकेशन के आधार पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
पुलिस टीम ने ड्यूटी चार्ट और CCTV कैमरों के आधार पर आरोपी की पहचान करके तलाश शुरू की। आरोपी आगरा रोड पर रहता था। पुलिस टीमों ने लोकेशन के आधार पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

नए कानून में अश्लील हरकत को भी रेप माना जाता है
आरोपी ने महिला के साथ अश्लील हरकत ही की, लेकिन उस पर रेप का ही केस दर्ज किया गया है। दरअसल, दिल्ली के निर्भया केस के बाद कानून में बदलाव किया गया था। अब गलत तरीके से छेड़छाड़ और अन्य तरीके के यौन शोषण को भी रेप की धाराओं में शामिल किया गया है।

अस्पताल ने ICU में रुकने से मना किया, इसलिए पति घर चला गया था
महिला के पति ने बताया कि रात करीब 8 बजे उसकी पत्नी को ICU में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद हॉस्पिटल की ओर से बताया गया कि आप मरीज के साथ नहीं रुक सकते। इमरजेंसी में कोई जरूरत हुई तो हम आपको बुला लेंगे। इसके बाद वह घर चला गया।

जांच अधिकारी ने कहा- CCTV फुटेज देखकर जांच की जा रही है
डीसीपी प्रदीप मोहन शर्मा ने कहा कि यह वारदात बेहद गंभीर है। पीड़ित के पति ने शाम करीब साढ़े चार बजे चित्रकूट थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ड्यूटी चार्ट और CCTV कैमरों के आधार पर आरोपी की पहचान करके तलाश शुरू की। आरोपी आगरा रोड पर रहता था। पुलिस टीमों ने लोकेशन के आधार पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। थाने में लाने के बाद पूछताछ करके देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, जांच अधिकारी पन्नालाल ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया कि ICU में दो अलग-अलग कमरे बने हुए हैं। फीमेल नर्स दूसरे कमरे के मरीजों को देख रही थी और आरोपी खुशीराम दूसरे कमरे के मरीजों को देख रहा था। इस दौरान उसने अश्लीलता की है। CCTV फुटेज से वहां मौजूद बाकी लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

अस्पताल बोला- हम अपने स्तर से जांच करवा रहे हैं...
शैल्बी हॉस्पिटल के CEO अनुभव सुखवानी ने कहा कि मरीज की तरफ से शिकायत मिली थी। पुलिस में भी शिकायत करवाई है। हमारे स्तर पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा। क्योंकि ICU में फीमेल नर्स भी मौजूद थी।

पिछले 2 वर्षों में राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। एक आंकड़े के अनुसार पिछले एक वर्ष में महिलाओं पर अत्याचार के 80 हजार मुकदमे प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर दर्ज हुए हैं। इनमें 12 हजार से ज्यादा मुकदमे तो सिर्फ रेप और गैंगरेप के हैं।

अलवर में थाने में हुआ था फरियादी से रेप हाल ही में अलवर में थाने में एक महिला से रेप का मामला सामने आया था। 7 मार्च को खेड़ली थाने में महिला ने SI भरत सिंह के खिलाफ थाने मे ही तीन दिन तक दुष्कर्म करने का केस दर्ज कराया था। महिला अपने पति के खिलाफ दर्ज मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर थाने आई थी। इसके अगले ही दिन SI को सस्पेंड कर दिया था।

भाजपा का आरोप राज्य में एक साल में रेप के 2000 केस आए
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने प्रदेश में रेप की बढ़ती घटनाओं पर गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के मुताबिक, प्रदेश में बीते एक साल में महिलाओं के खिलाफ 80 हजार अपराध हुए हैं। इनमें से 2000 केस तो रेप और गैंगरेप के ही हैं। उन्होंने इस संबंध में राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष रेखा शर्मा को पत्र लिखा है।


By Bhaskar

शेयर करे

More news

Search
×