Home News Business

अलीगढ़ में पुलिस पर पथराव-लखनऊ में झड़प, एमपी में स्वास्थ्य और पुलिस कर्मियों से बदसलूकी

National
अलीगढ़ में पुलिस पर पथराव-लखनऊ में झड़प, एमपी में स्वास्थ्य और पुलिस कर्मियों से बदसलूकी
@HelloBanswara - National -

देश में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगातार जूझ रहे पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से अभद्रता के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार को अलीगढ़ में पुलिस वालों पर सब्जी विक्रेताओं ने पथराव कर दिया तो लखनऊ में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे पुलिस वालों से लोग भिड़ गए। मध्यप्रदेश के रायसेन में स्वास्थ्य कर्मियों से बदसलूकी की गई, वहीं धार में भी पुलिस पर हमला हुआ। नागपुर में एक महिला स्वास्थ्य कर्मी ने अपना दुख बताते हुए कहा- जहां वह स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जाती हैं, वहां लोग उनसे गाली-गलौच करते हैं। वहीं, जोधपुर में भी गश्त कर रहे एसडीआरएफ जवान पर पत्थर फेंके गए।

 

यूपी: सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने गई पुलिस पर पथराव

  • अलीगढ़: जिले के भुजपुरा में बुधवार दोपहर लॉकडाउन का पालन कराने गई पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया गया। दरअसल, पुलिसकर्मी लॉकडाउन में छूट की अवधि 10 बजे खत्म होने के बाद सब्जी का ठेला हटवा रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सूचना पाकर फोर्स पहुंची तो पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा गया। इलाके में तनाव की स्थिति बरकरार है। सीओ का कहना है- वहां झगड़ा कर रहे सब्जी बेचने वालों को रोकने गई थी, तभी पुलिस पर पथराव किया गया।
  • लखनऊ: कोरोना के सबसे बड़े हॉटस्पॉट बने कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर लॉकडाउन तोड़कर जुटे 15-20 युवाओं को हटाने के दौरान लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसमें एक सिपाही को गंभीर चोटें लगी हैं। सूचना पाकर पहुंची फोर्स ने हमलावरों को खदेड़ा। इंस्पेक्टर कैंट ने स्थानीय पार्षद को बुलाया और लोगों से घर वापस जाने की अपील करने कहा। तनाव को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात है। लखनऊ में 181 संक्रमित हैं। इनमें 89 मरीज इसी क्षेत्र में हैं।

 

एमपी: रायसेन में स्वास्थ्यकर्मियों को खदेड़ा, धार में पुलिस पर हमला

  • रायसेन: सोमवार को जिले के अल्ली गांव में 10 कोरोना के मरीज मिले थे, वहां के ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की सर्वे टीम को गांव में घुसने तक नहीं दिया। यह टीम गांव के बाहर खेत में ढाई घंटे तक बैठी रही और गांव के लोगों को सर्वे करने के लिए मनाती रही, लेकिन गांव के लोग किसी भी प्रकार के सर्वे के लिए तैयार नहीं हुए। ऐसी स्थिति में यह टीम बिना सर्वे के ही वापस लौट आई। ऐसा भी बताया जा रहा है कि यदि सर्वे टीम गांव में घुसती तो उस पर हमला भी हो सकता था। यह जानकारी सर्वे टीम को गांव के बाहर ही मिल गई थी। सर्वे करने के लिए जो टीम भेजी गई थी, उनके साथ चार होमगार्ड के जवान ही भेजे गए थे।
  • धार: जिले के राजगढ़ में रात में गश्त पर निकले पुलिस जवानों पर चोर गैंग ने हमला कर दिया। फायरिंग में दो जवानों के पैर में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। धार में 15 दिन के अंदर चोरों ने दूसरी घटना को अंजाम दिया है। इससे पहले वे सोनगढ़ रोड पर प्याज की रखवाली कर रहे किसान पिता-पुत्र की गोली मार कर हत्या कर चुके हैं। दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।

महाराष्ट्र: महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का छलका दर्द

  • नागपुर : लोगों की जांच के लिए घर-घर जा रहीं आशा कार्यकर्ताओं ने आपबीती बताई। आशा कार्यकर्ता ऊषा ठाकुर ने कहा- जब हम सर्वे करने जाते हैं तो लोग हमें पत्थर मारते हैं और गालियां देते हैं। कहते हैं कि हमारे घर क्यों आ रही हैं सवाल करने। हम उन्हें समझाते हैं कि हम उनके हित के लिए काम कर रहे हैं। आप हमें सिर्फ जानकारी दीजिए उसके अलावा हम आपसे कुछ नहीं मांग रहे हैं। महाराष्ट्र में बेकाबू होते संक्रमण में आशा कार्यकर्ताओं को कोरोना के रेड जोन में घर-घर सर्वे का जिम्मा सौंपा गया है। इस सर्वे में आशा कार्यकर्ता लोगों के घर जाती हैं और हेल्थ और ट्रैवल से जुड़ा सर्वे करती हैं।
  • जोधपुर: एसडीआरएफ जवान पर पथराव
    कोरोनावायरस संक्रमण रोकने लिए जोधपुर शहर के सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा है। ऐसे में मंगलवार देर रात गश्त कर रहे एक एसडीआरएफ जवान रामलेख गुर्जर पर घास मंडी में एक मकान की छत से दो भाइयों ने पत्थरों से हमला कर दिया। एक पत्थर जवान के कान पर लगा, जिसे अन्य पुलिसकर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर पथराव करने वाले दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया और सोजती गेट चौकी ले आई। चौकी के बाहर लाकर दोनों की जमकर धुनाई की गई।
  • झारखंड: होमगार्ड जवान के साथ धक्का मुक्की के मामले में एक गिरफ्तार
    झारखंड में गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के एक जवान के साथ धक्का-मुक्की करने का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शेयर करे

More news

Search
×