अब लोक सेवा आयोग करेगा रिक्त पदों पर सीधी भर्ती

35 साल बाद कॉलेजों में पुस्तकालय और पीटीआई के नियमों की अधिसूचना जारी
प्रदेशभर के सरकारी काॅलेजाें में 29 साल (1992 ) से बंद पड़ी पुस्तकालय अध्यक्ष एवं शारीरिक प्रशिक्षक अनुदेशक की भर्ती के लिए अब राह खुल गई है। राजकीय कॉलेजों में पुस्तकालय अध्यक्ष एवं शारीरिक प्रशिक्षक अनुदेशक (महाविद्यालय शाखा) के नियमों 2023 की अधिसूचना कार्मिक विभाग ने जारी कर दी है।
अब लोक सेवा आयोग रिक्त पदों पर सीधी भर्ती करेगा। नियमों में संशोधन होने से अब लाईब्रेरियन एवं पीटीआई के 247-247 पदों पर भर्ती होगी। भविष्य में प्रदेश के कॉलेजों को इससे लाईब्रेरियन एवं पीटीआई मिल सकेंगे। जिससे उच्च शिक्षा में खेल गतिविधियों एवं पुस्तकालय सेवा का संचालन सुचारू रूप से होगा।
दरअसल राज्य सरकार द्वारा 12 अप्रैल 2023 को हुई कैबिनेट की मीटिंग में राजस्थान पुस्तकालय अध्यक्ष एवं शारीरिक प्रशिक्षक अनुदेशक सेवा नियम 2023 का अनुमोदन किया था, उन नियमों की अधिसूचना अब जारी की है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद अब एक साल से लंबित लाईब्रेरियन एव शारीरिक प्रशिक्षक अनुदेशक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया की राह आसान हो गई है।
460 कॉलेजों में पुस्तकालय एवं खेल गतिविधियां बंद
राजस्थान कॉलेज लाईब्रेरियन भर्ती समिति के अध्यक्ष नरेंद्र विश्नोई ने बताया कि प्रदेश के 460 कॉलेजों में पुस्तकालयाध्यक्ष के 274 में से 248 पद खाली है। जिसका नतीजा कॉलेजों में स्टूडेंट्स को बुक अलॉट करना तो दूर लाइब्रेरी में किताबें से धूल तक साफ नहीं हो रही है।
राज्य सरकार ने पुस्तकालयाध्यक्ष, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष व बुक लिफ्टर की आखिरी भर्ती 1992 में की थी। इसके चलते काॅलेजाें में लाइब्रेरी की हालत बेहद खराब है। लेकिन अब भर्ती होने से विद्यार्थियों काे भी फायदा मिलेगा।
यूं खाली पड़े हैं पद
सरकारी कॉलेज: 460
लाइब्रेरियन कितने कॉलेजों में: 26
कितने सालों से भर्ती नहीं: 29
नियमित विद्यार्थी: 5 लाख से अधिक
लाइब्रेरियन के पद स्वीकृत: 274
लाइब्रेरियन के रिक्त पद: 248
शारीरिक शिक्षक के पद स्वीकृत: 272
पीटीआई के पद रिक्त: 250
अब तक घोषणा: 2 बार प्रस्ताव तैयार
कितने बेरोजगारों को भर्ती का इंतजार: 50 हजार
