Home News Business

शाम को पड़ाेसी काे बताया था घर पर अकेला हूं, रात को वही चाेरी करने पहुंचा, नींद खुली ताे कुल्हाड़ी से मार दिया

शाम को पड़ाेसी काे बताया था घर पर अकेला हूं, रात को वही चाेरी करने पहुंचा, नींद खुली ताे कुल्हाड़ी से मार दिया
@HelloBanswara - -

गढ़ी के चौपासाग गांव की नई आबादी में 15 अगस्त की रात हुका पुत्र हुरजी की निर्मम हत्या उसी के गांव के आदतन चोर हाजू ने की थी। हाजू ने इसके बाद हुका के घर से रुपए और जेवर चुराए थे। पुलिस ने बुधवार को घर लौटे हाजू को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया।  

थानाधिकारी गोविंदसिंह राजपुरोहित ने बताया कि वारदात की शाम ही हाजू और हुका में मिले थे। हुका ने हाजु को बताया था कि उसकी पत्नी राखी मनाने बेटी के संग पीहर गई हुई है। इस पर आदतन चोर हाजू के मन में चोरी का ख्याल आया। हाजू को पता था कि हुका घर पर अकेला रहेगा। इसलिए वारदात की रात हाजू ने पहले शराब पी और फिर परिजनों के साेने के बाद कुल्हाड़ी लेकर हुका के घर गया। वहा देखा तो हुका अपने घर के बरामदे में सोया था। वह चाबी तलाशने लगा इतने में हुका की नींद खुल गई। पहचान हो जाने के डर से हाजू ने कुल्हाड़ी से हुका को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद दीवार पर टांगे कांच के पीछे से चाबी निकालकर ताला खोला और घर में घुसा। जहां ड्रम में रखे अनाज काे बाहर फेंका तो भीतर से 1500 रुपए और चांदी के जेवर मिले। जिन्हें लेकर हाजू वापस घर लौट आया।  

हत्या से हंगामा होने के डर से अहमदाबाद भाग गया, गांव में नहीं था इसलिए शक उस पर गया  
अगले दिन सुबह गांव में हुका की हत्या पर हंगामा होने की शंका पर हाजू सुबह जल्दी उठकर मुख्य सड़क से अगरपुरा गया। जहां से सागवाड़ा और आसपुर होते हुए अहमदाबाद भाग गया। 5 दिन बाद मामला शांत हो जाना समझकर वापस घर लाैटा लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीआई पुरोहित ने बताया कि हत्या और मौके के हालात देखकर पहले ही प्रतीत हो रहा था कि इसमें किसी जानकार का हाथ है। इस पर गांव में हत्या के बाद पता किया तो पता चला कि हाजू गांव में नहीं है। जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह आदतन चोर है। संदेह बढ़ा तो उसकी तलाश शुरू की। लेकिन, वह खुद ही घर लौटा तो पकड़ पूछताछ की। इस पर उसने हत्या करना कबूल लिया।

गौरतलब है कि 15 अगस्त की रात को बरामदे में सो रहे 45 वर्षीय हुका की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई थी। हुका के घर से रुपए और जेवर भी चोरी हुए थे। हत्या के वक्त हुका के घर कोई नहीं था। नातिन सुबह उठाने गया तो हत्या का पता चला था। 

शेयर करे

More news

Search
×