Home News Business

सरकार का पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में सार्थक कदम, वन एवं वन्यजीव सुरक्षा पर मिलेगा पुरस्कार

सरकार का पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में सार्थक कदम, वन एवं वन्यजीव सुरक्षा पर मिलेगा पुरस्कार
@HelloBanswara - -

Banswara January 22, 2019 - वनों की सुरक्षा एवं वृक्षारोपण के कार्य में जन भागीदारी प्राप्ति की दृष्टि से वन विभाग के साथ-साथ राजकीय उपक्रमों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थाओं, ग्राम पंचायतों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कृषकों एवं निजी व्यक्तियों के द्वारा वृहद पैमाने पर पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है। इन सभी लोगों के द्वारा वृक्षारोपण एवं वन सुरक्ष के संबंध में किए गए अच्छे कार्यों को सरकार के स्तर पर सराहा जाकर मान्यता प्रदान कर उनके कार्य को गतिशील व प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने सार्थक कदम उठाया गया है।

उप वन संरक्षक सुगनाराम जाट ने बताया कि वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण, वन सुरक्षा एवं वन्यजीव संरक्षण करने वाले व्यक्ति, समूहों, संस्थानों को विभिन्न श्रेणियों में अलग-अलग स्तर पर पुरस्कृत करेंगी। इसके तहत गणतंत्र दिवस, विश्व वानिकी दिवस, विश्व पर्यावरण दिवस, जिला एवं राज्य स्तरीय वन महोत्सव समारोह, स्वतंत्रता दिवस पर पुरस्कार एवं प्रशंसा/प्रशस्ति पत्र दिए जाने की योजना सृजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि वन वर्धक, वन प्रहरी, वन विस्तारक, वनपालक पुरस्कार, वानिकी लेखन एवं अनुसंधान  तथ वानिकी पंडित पुरस्कार द्वारा श्रेष्ठ व्यक्तियों व संस्थाओं के कार्यों को पुरस्कृत किया जाएगा। 

वन वर्धक पुरस्कार अंतर्गत वृक्षारोपण का उत्कृष्ट कार्य करने वाले निजी व्यक्ति, किसान, संस्था, औद्योगिक प्रतिष्ठान, शिक्षण संस्था, ग्राम पंचायत, नगरपालिका, नगर परिषद या खनन क्षेत्रों की वृक्षारोपण कर पुनर्वास करने वाले व्यक्ति, संस्था को जिला, राज्य स्तर पर एक हजार रुपए की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।

वन प्रहरी पुरस्कार के तहत वन्य जीवन, वन सुरक्षा एवं संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए ग्राम स्तरीय वन सुरक्षा एवं प्रबंधन समिति को एवं वन सुरक्षा में सहयोग का कार्य करने वाले निजी व्यक्ति, संस्था को एक-एक हजार रुपए से राज्य व जिला स्तर पर पुरस्कार स्वरूप दिया जाएगा।
इसी प्रकार वानिकी प्रचार-प्रसार का सर्वोत्तम कार्य करने वाले निजी व्यक्ति या संस्था को जिला स्तर पर एक हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। वनपालक पुरस्कार द्वारा सर्वोत्तम वनरक्षक, वनपाल, क्षेत्रीय (प्रथम/द्वितीय श्रेणी) को जिला एवं राज्य स्तर पर एक-एक हजार रुपए से पुरस्कृत किया जाएगा। सर्वोत्तम वन मण्डल को राज्य स्तर पर शिल्ड प्रदान की जाएगी।

वानिकी लेखन एवं अनुसंधान पुरस्कार लेख, पुस्तक, अनुसंधान पत्र लिखने वाले व्यक्ति को दिया जाएगा। इसके लिए राज्य स्तर पर पांच हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वानिकी पंडित पुरस्कार के तहत वन सुरक्षा, संवर्धन, प्रचार-प्रसार का समग्र रूप से पूरे राज्य में सर्वोत्तम कार्य करने वाले व्यक्ति, निजी संस्था तथा वन विभाग के अतिरिक्त विभाग को राज्य स्तर पर पांच हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे।
इन श्रेणियों में प्रथम स्थान रहने वाले व्यक्तियों को पुरस्कार स्वरूप नगद राशि एवं प्रशंसा पत्रप्रदान किए जाएंगे, जबकि द्वितीय स्थान पर रहने वाले व्यक्ति, संस्था को सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रशंसा पत्र दिया जाएगा।

शेयर करे

More news

Search
×